बनासकांठा (गुजरात)। गुजरात में चुनाव प्रचार अब पूरे परवान पर है। बनासकांठा जिले सहित अन्य विधासभाओ के प्रभारी बनाए गए प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के लगातार धुआधार चुनाव प्रचार ने पूरे क्षेत्र को कमलमय बना दिया है। डाॅ. मिश्रा शुक्रवार को बनासकांठा जिले की थराड़ विधानसभा में ब्राह्मण समाज के सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने सम्मेलन में कहा कि आज धर्मनिष्ठ मोदी जी के कारण हिंदुस्तान में धर्म पताका शिखर पर फहरा रही है। अब दुनिया हिंदुस्थान को काशी विश्वनाथ, श्री महाकाल लोक और सोमनाथ के कारण जानती है ।
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि पहले हिंदुस्तान में तीर्थ स्थल और पर्यटन स्थल होते थे।ताजमहल,लाल महल, कुतुब मिनार देश की पहचान थे। लेकिन विश्व मे आज मोदी जी के हिंदुस्तान की पहचान काशी विश्वनाथ,सोमनाथ, बाबा महाकाल के कारण भी हो रही है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि जो काम आप कर रहे हैं , वही काम मोदी जी,अमित शाह जी और पूरी भाजपा कर रही है और वह काम है धर्म की पताका लेकर चलने का काम।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि गुजरात ने मोदी जी जैसा नेता दिया हैं जिसने न केवल देश बदल कर रख दिया बल्कि जिनकी पहचान आज वैश्विक नेता की है।कश्मीरी पंडितो के हालात पहले कश्मीर में क्या थे और आज क्या है? यह सब जानते है।आजादी के बाद से कश्मीर से धारा 370 हटाने की हिम्मत कोई नही कर सका मोदी जी ने एक दिन में हटा दी। धारा 35-ए हटाने में भी देर नहीं की। डॉ. मिश्रा ने कहा जो पाकिस्तान हमें रोज आंखे दिखाता था , आज उसकी हमारी ओर देखने तक की हिम्मत नहीं है। मोदी जी ने हिंदुस्तान को इतना ताकतवर बना दिया कि अब सब सम्मान से देखते है।
गृह मंत्री ने कहा कि आप सब दूर दृष्टि व दिव्य दृष्टि वाले लोग है। आज का जो विज्ञान है , वह हमारे प्राचीन ज्ञान के आगे कुछ नहीं है। आज हम कमरे के अंदर बैठ कर दूर कही चल रहे क्रिकेट मैच या अन्य कार्यकम देखते है जबकि यह तकनीक तो हमारे पास महाभारत काल में भी थी , जब संजय दृष्टिहीन धृतराष्ट्र को महल में बैठ कर महाभारत युद्ध का आंखो देखा हाल सुनाते थे।जो यह एंटी मिसाइल तकनीक है यह तो राम राज्य के समय भी थी। हम उन्हीं के वंशज है जिन्होंने अपने ज्ञान से यह सब किया था।इसलिए हमे भी दूर-दृष्टि रखनी चाहिए। संस्कृति की रक्षा और धर्म-ध्वजा आसमान में शिखर पर सदैव फहराती रहे यही हमारा एक मात्र लक्ष्य होना चाहिए।
ब्राह्मण समाज के इस सम्मेलन में थराड से भाजपा प्रत्याशी शंकर भाई चौधरी भी शामिल हुए।गृह मंत्री ने उनके लिए ब्राह्मण समाज से समर्थन मांगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद पर्वत भाई पटेल , भाजपा जिलाध्यक्ष गुमान सिंह चौहान , थराड़ ब्राह्मण समाज प्रमुख शम्भूलाल राजगौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बंधू उपस्थित रहें।