मुसलमान कांग्रेस के लिए हमेशा केवल वोटर
भोपाल। प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने तीखा तंज़ कसते हुए कहा कि कमलनाथ जी सन्यास की उम्र में सेहरा बांधने का सपना देख रहे है। कमलनाथ जी नही समझ रहे है तो कांग्रेस आलाकमान को उनकी उम्र का ख्याल कर उन्हें आराम दे देना चाहिए। कांग्रेस अस्ताचल की ओर है इसलिए युवा पीढ़ी को नेतृत्व नहीं सौंप रही है।
कांग्रेस द्वारा रामनवमी व हनुमान जयंती मनाने के निर्णय का मुस्लिम नेताओ के आपत्ति उठाने पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुसलमानों को यह अच्छे से समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस के लिए मुस्लिम केवल वोटर है इससे ज्यादा कुछ नही। शायद मुसलमानों को यह बात समझ में आ भी रही है इसीलिए मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा रामनवमी और हनुमान जयंती मनाए जाने पर मुस्लिम नेता आपत्ति ले रहे है और दबी जबान में कह रहे हैं कि कांग्रेस रमजान क्यों नहीं बना रही।
गृह मंत्री डॉ.मिश्रा ने कहा कि वयोवृद्ध कमलनाथ 2023 में जब चुनाव का नेतृत्व करेंगे तब उनकी उम्र 77 साल के आसपास रहेगी। यह उम्र सन्यास की है न कि सीएम रूपी सेहरा बांधने का सपना देखने की। दरअसल कमलनाथ जी की नज़र में पार्टी में कोई और योग्य व्यक्ति है ही नही तभी तो वह सारे अहम पद वह खुद काबिज़ है। कमलनाथ पूर्व मुख्यमंत्री है, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष है , नेता प्रतिपक्ष भी है और अब उन्होंने स्वयं के भावी मुख्यमंत्री भी होने की घोषणा करवा दी है। ऐसे में कांग्रेस का हश्र क्या होने वाला है , समझा जा सकता है।
गृहमंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस इन्ही वयोवृद्ध नेता के नेतृत्व में सड़क से विधानसभा तक सरकार के खिलाफ लड़ने की बात कर रही है। जबकि यह होने वाला नही है। यह कांग्रेस के नेता भी अच्छे से जानते है। क्योंकि वयोवृद्ध कमलनाथ सड़क पर चलते नही है और विधानसभा में उन्हें उपस्थित रहना पसंद नही है। ऐसे में यह तय है कि कांग्रेस के दावे हमेशा की तरह दावे ही रह जाने वाले है।मैदान में कांग्रेस पहले भी दिखती नही थी और आगे भी दिखने वाली नहीं है।
मुस्लिम केवल वोट बैंक
काँग्रेस द्वारा रामनवमी व हनुमान जयंती मनाने की घोषणा पर कांग्रेस विद्यायक आरिफ मसूद द्वारा इसमें रमजान व रोजाइफ्तारी का जिक्र नही करने पर आपत्ति उठाने पर गृह मंत्री डॉ मिश्रा ने कहा कि आरिफ मसूद को आत्मचिंतन करना चाहिए कि कांग्रेस ऐसा क्यों कर रही है। उन्हें समझना चाहिए कि काँग्रेस का मुसलमानों से वास्ता केवल वोट लेने तक का ही रहा है। कांग्रेस के लिए मुस्लिम केवल वोट बैंक है।मुस्लिमो में छदम भय पैदा कर उन्हें हाशिये में रखने का कांग्रेस का यह षडयंत्र पुराना है।