महाराष्ट्र के रायगढ़ में भीषण दुर्घटना की खबर है। महाड़ तहसील के तलई गांव में एक पहाड़ से चट्टान टूटकर गांव पर गिर गई। इससे 36 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से जिलाधिकारी ने 32 मौतों की पुष्टि की है। चट्टान गिरने से गांव के 35 घर इसके नीचे दब गए। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे बड़ी संख्या में लोग दबे हो सकते हैं। यह दुर्घटना कल शाम 4ः30 की बताई जा रही है।
महाराष्ट्र विधानपरिषद के नेता प्रतिपक्षप प्रवीण दरेकर ने आशंका जताई है कि हादसे में कम से कम 40 से 50 लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक यह संख्या लगभग दो गुनी है। उनका कहना है कि करीब 80 से 90 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
दरेकर का आरोप है कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद बचाव कार्य के लिए प्रशासन की ओर से कोई टीम नहीं पहुंची है। मलबे से निकाले गए 36 शवों को स्थानीय लोगों ने ही बाहर निकाला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के कारण ज्यादातर लोग अपने घरों में ही थे।
#WATCH Incessant rains damage roads in Mahad of Raigad district in Maharashtra
A total of 36 people have died in the district due to landslides pic.twitter.com/kebygVcPjt
— ANI (@ANI) July 23, 2021
जिलाधिकारी निधि चौधरी के मुताबिक, प्रशासन को कल शाम को 5ः30 बजे प्रशासन को दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली थी और उसके बाद कल ही एनडीआरएफ की टीम को सूचना दे दी गई थी। बताया जा रहा है कि दोपहर एक बजे तक भी एनडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। इस दौरान स्थानीय लोग अपने स्तर पर ही बचाव कार्य में जुटे रहे। हालांकि अब एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। 12 सदस्यीय टीम के साथ ही मेडिकल सहायता के लिए एम्बुलेंस भी गांव में पहुंची हैं।