सतना: मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ लगातार विवादित बयान दे रहे हैं। कोरोना से मौत के आंकड़ों पर वह लगातार केंद्र और राज्य की सरकार को घेर रहे हैं। सतना जिले के मैहर में कमलनाथ ने फिर से आज एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत महान नहीं, भारत बदनाम है। सब देशों ने रोक लगाई है कि भारत के लोग नहीं आ सकते हैं। कमलनाथ यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि मुझे न्यूयॉर्क से लोगों ने फोन कर के बताया कि अपना देश इस कदर बदनाम हो चुका है कि जो भारतीय टैक्सी चलाते हैं उनकी टैक्सी में बैठने को कोई तैयार नहीं हो रहा है। कमलनाथ ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी जी पहले कहते थे कि हमने कोविड की लड़ाई जीत ली है आज कहते हैं कि ग्लोबल टैंडर निकालो…
#WATCH भारत महान नहीं, भारत बदनाम है। सब देशों ने रोक लगाई है कि भारत के लोग नहीं आ सकते: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ pic.twitter.com/w1Q7yCf1q5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 28, 2021
कमलनाथ ने मैहर में मां शारदा देवी के सीढ़ी के नीचे से दर्शन किए। पूजा अर्चना करने के पश्चात मैहर सर्किट हाउस में पहुंचकर पत्रकारों से मुखातिब हुए। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने केंद्र की मोदी एवं प्रदेश की शिवराज सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कई सवाल दागे हैं। सरकार पर आंकड़े छुपाने का भी आरोप लगाया है। इस दौरान उन्होंने शिवराज की सरकार पर कई वार किए हैं।
कमलनाथ का यह बयान सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर करारा पलटवार किया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए। क्या आप कमलनाथ के बयान से सहमत हो? सत्ता जाने के बाद लगता है कमलनाथ ने मानसिक संतुलन खो दिया है। कमलनाथ ने इसी धरती पर जन्म लिया और कह रहे हैं कि भारत बदनाम है।पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी क्या वे ऐसी कांग्रेस चाहते थे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि सोनिया गांधी को मौन तोड़ना पड़ेगा। आप साफ करें कि कमलनाथ गलत है। अगर गलत है तो उन्हें पार्टी से बाहर करो या फिर आप कह दीजिए कि आप कमलनाथ के बयान से सहमत है।
वहीं मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जो लोग एक परिवार की चाटुकारिता करते हुए राजनीति करना चाहते हैं, वे इस तरह के बयान देंगे। कमलनाथ जी भारत महान है। आपने और आपकी पार्टी ने भारत की स्थिति को कमजोर करने की कोशिश ज़रूर की। आप पाकिस्तान और चीन का एजेंडा लेकर राजनीति करना चाहते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी हो या कमलनाथ हो वे भारत में पैदा हुए हैं और इसी देश को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जिस भारत देश को वे बदनाम कर रहे हैं क्या वे इसे छोड़कर रहने के लिए दूसरे देश में जाएंगे?