भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल की प्राइम लोकेशन (शहर के प्रमुख स्थान) पर स्थित 22 करोड़ से अधिक की बेनामी संपत्ति आयकर विभाग की बेनामी संपत्ति यूनिट ने अटैच की है। कार्रवाई गौरव ग्रीन्स मैरिज गार्डन एंड रेस्टोरेंट पर की गई। इसके साथ 39 आवासीय प्लाट भी अटैच किए गए हैं। यह संपत्ति रेस्टोरेंट संचालक सुरेंद्र साहू की है। साहू ने मैरिज गार्डन भाभी और प्लाट बहन के नाम पर ले रखे थे। इनका आयकर विभाग में ब्योरा नहीं दिया गया था।
भाभी और बहन को यह संपत्ति अपने नाम पर होने की जानकारी नहीं थी। जानकारी के अनुसार, बावड़िया कला (शाहपुरा) स्थित औरा मॉल के पास गौरव ग्रीन्स मैरिज गार्डन एंड रेस्टोरेंट है। इसका संचालन सुरेंद्र साहू द्वारा किया जा रहा था। यह संपत्ति साहू ने अपनी भाभी के नाम पर खरीद रखी थी।
मैरिज गार्डन का प्रतिदिन का किराया डेढ़ से दो लाख रुपये प्रतिदिन है। यहां से प्राप्त आय की जानकारी भी आयकर विभाग को नहीं दी गई है। मैरिज गार्डन करीब 40 हजार स्क्वेयर फीट पर निर्मित है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 17 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा साहू ने 46 प्लाट काटे थे। इनमें से सात प्लाट बेच दिए गए हैं। बचे 39 प्लाट अटैच किए गए हैं।
बैंक खाते सीज किए
साहू और उसके स्वजन के बैंक खाते भी सीज किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर बैंक खातों में दस लाख स्र्पये जमा होने की जानकारी सामने आई है। विभाग तीन महीने में इसकी जांच पूरी करेगा।
मैरिज गार्डन की क्षमता : मैरिज गार्डन के हॉल में 450 तो लॉन में 900 लोगों की क्षमता है। यहां ठहरने के लिए कमरे भी हैं
इनकी कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक है। जो प्लाट बेचे गए हैं, उन्हें जांच के दायरे में लाया गया है। दस्तावेजों में बताया गया है कि यह प्रापर्टी पावर आफ अटार्नी के माध्यम से वर्ष 2006 में 30 लाख रुपये में खरीदी गई थी। विभाग ने संपत्ति अटैच करने की जानकारी कलेक्टर भोपाल, तहसीलदार और पंजीयन रजिस्ट्रार को दी है। मालूम हो, अटैच की गई संपत्ति को खरीदा या बेचा नहीं जा सकेगा।