भोपाल। मार्च 2020 के पहले तक इंदौर और भोपाल मध्य प्रदेश के 2 सबसे लाडले शहर हुआ करते थे। आज हालत यह है कि लोग इन दोनों शहरों में प्रवेश तक नहीं करना चाहते। पूरे मध्यप्रदेश में आज मात्र 133 नागरिक पॉजिटिव पाए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 40 भोपाल से हैं। इसी तरह पूरे मध्यप्रदेश में 6 मरीजों की मौत हुई है और इनमें से चार इंदौर से हैं।
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, मध्य प्रदेश द्वारा जारी कोरोनावायरस मीडिया बुलेटिन दिनांक 15 जून 2020 (शाम 6:00 बजे तक) के अनुसार 5601 सैंपल की जांच की गई जिसमें से 72 रिजेक्ट हो गए। 5468 नेगेटिव लेकिन 133 पॉजिटिव निकले। इसी के साथ मध्यप्रदेश में अब तक कोरोनावायरस से पॉजिटिव नागरिकों की संख्या 10935 हो गई। 6 मरीजों की मौत के साथ कुल मरने वालों की संख्या 465 और 226 डिस्चार्ज के साथ कुल स्वस्थ हुए नागरिकों की संख्या 7903 हो गई। मध्य प्रदेश के अस्पतालों में 2567 नागरिक इलाज के लिए भर्ती है।