coronavirus in Maharashtra 23 मार्च को इसी परिवार के 4 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली थी। ये सभी सउदी अरब से उमरा कर लौटे थे। महाराष्ट्र में कोरोना पांव पसार चुका है।
सांगली. महाराष्ट्र में एक परिवार के 12 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सांगली जिले के इस्लामपुर गांव में रहने वाले इस परिवार के पहले 4 लोग की रिपोर्ट 23 मार्च को पॉजिटिव आई। उन्हें 19 मार्च को मिराज में एक आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। ये चारों सउदी अरब से उमरा कर लौटे थे।
परिवार से मिलने आई एक रिश्तेदार भी संक्रमित
25 मार्च तक, इस परिवार के 5 और सदस्य पॉजिटिव पाए गए। गुरुवार को एक दिन बाद तीन और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद इस परिवार के कुल 12 सदस्य कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 11 सांगली के इस्लामपुर गांव से है, जबकि एक कोल्हापुर जिले के पेठवाडगांव निवासी है। यह उमरा से लौटे अपने रिश्तेदार से मिलने आई थी। सांगली जिला कलेक्टर अभिजीत चौधरी ने बताया कि गुरुवार को तीन नए केस पॉजिटिव पाए गए, सभी रिलेटिव हैं। उन्होंने बताया कि उनका सैंपल टेस्ट हुआ जिसे पुणे के नैशनल इंस्टिट्यूट ऑर वाइरॉलजी (एनआईवी) भेजा गया। कलेक्टर ने यह भी बताया कि तीन रिश्तेदारों में से एक पेठवडगांव से है।
23 अन्य रिश्तेदारों के लिए गए सैंपल
सांगली जिला सिविल सर्जन संजय सलूंखे ने बताया, ‘हम पहले से ही परिवार के करीबी रिश्तेदारों के 11 स्वैब सैंपल भेज चुके हैं जो पॉजिटिव केसों के संपर्क में आए होंगे। इनके नतीजे शुक्रवार को आ जाएंगे।’ उन्होंने बताया कि दूसरी टीम इस्लामपुर भेजी गई है जहां से 23 और नमूने लिए जाएंगे। उन्हें घर पर ही क्वारंटाइन किया गया है।