Home Bhopal ममता बनर्जी का गुंडाराज नहीं चलने देगी भाजपा, पूरी पार्टी बंगाल के कार्यकर्ताओं...

ममता बनर्जी का गुंडाराज नहीं चलने देगी भाजपा, पूरी पार्टी बंगाल के कार्यकर्ताओं के साथ है

104
0

प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर जताया आक्रोश, ममता बनर्जी को दिया स्पष्ट संदेश

 

भोपाल। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लोग अपने नेता के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्टी कार्यालयों को निशाना बना रहे हैं। कई कार्यकर्ताओं की हत्याएं कर दी गई हैं, कई घायल हैं, महिलाओं से दुराचार हो रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस का यह रवैया लोकतंत्र पर कलंक की तरह है। भारतीय जनता पार्टी इसका विरोध करती है और तृणमूल कांग्रेस के इस गुंडाराज को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस के लोग यह अच्छे से समझ लें कि पं. बंगाल के पार्टी कार्यकर्ता अकेले नहीं हैं, उनके साथ पूरी भारतीय जनता पार्टी खड़ी है। प. बंगाल में जारी हिंसा के विरोध में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इन्हीं शब्दों के साथ अपने आक्रोश को व्यक्त किया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, श्री कमल पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

 

देश और उसके लोकतंत्र को कलंकित कर रही बंगाल की घटनाएं : विष्णुदत्त शर्मा

  धरने को सम्बोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि ऐसे समय में जबकि पूरी मानवीयता एक संकट का सामना कर रही है, पश्चिम बंगाल में मानवता पर प्रहार किए जा रहे हैं। वहां ममता बनर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्याएं की जा रही हैं, महिलाओं से दुराचार किए जा रहे हैं, कार्यकर्ताओं के घरों और पार्टी कार्यालयों को आग लगाई जा रही है। बंगाल की ये घटनाएं हमारे देश और उसके लोकतंत्र को कलंकित करने का प्रयास हैं। श्री शर्मा ने कहा कि तृणमूल कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी के खिलाफ हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी. नड्डा जी भी बंगाल में धरने पर बैठे हैं। लेकिन हमारे देश में जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्री नड्डा जी के लिए पार्टी कार्यालय के सामने बनाया गया मंच उखाड़ दिया जाता है। श्री शर्मा ने कहा कि आज पूरा देश यह संदेश देना चाहता है कि बंगाल में जिन पार्टी कार्यकर्ताओं के ऊपर हमले हैं, जिनकी हत्याएं की गई हैं, वे अकेले नहीं है। पूरे देश के भाजपा कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं।

 

हिंसा करने वालों का उद्देश्य बंदूक और आतंक के दम पर शासन करना है

 श्री शर्मा ने कहा कि देश में एक समय ऐसा था, जब लोग बंदूक की नोक पर राजनीति करना चाहते थे। हिंसा के बल पर देश पर कब्जा करना चाहते थे। ये वही लोग हैं, जो नक्सलवादी क्षेत्रों में सक्रिय हैं, लेकिन लोकतंत्र की ताकत ने उन्हें परास्त कर दिया है।  श्री शर्मा ने कहा कि इन्हीं लोगों ने सीएए के नाम पर  देश में वातावरण बिगाड़ने का प्रयास किया था। ये वही लोग हैं,  जो 1977 से लगातार वामपंथी सरकार के समय बंगाल में शासन कर रहे थे। उसी विचार के लोग पलटी खाकर ममता बनर्जी के साथ खड़े हो गए हैं। हिंसा के पीछे ये वही वामपंथी हैं,  जिनका मूल उद्देश्य देश में आतंक, भय और बंदूक की नोक पर शासन करना है। श्री शर्मा ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी की जो सरकार बनी है वह नक्सलवाद का एक रूप है। इसी का परिणाम है किह पं. बंगाल में 45 पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्याएं कर दी गयीं। ममता बनर्जी जो चुनाव के दौरान व्हील चेयर का नाटक कर रही थीं, चुनाव जीतने के बाद अपने पैरों पर खड़ी हो जाती हैं और पूरे बंगाल में खून खराबा करने का इशारा करती हैं। श्री शर्मा ने कहा कि बंगाल में जिन कार्यकर्ताओं ने भी अपने प्राणों की आहुति दी है, पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।

 

खुलेआम गुंडागर्दी कर रही ममता बनर्जी की सरकारः प्रहलाद पटेल

 

केन्द्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जो सरकार बनी है वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर अन्याय और अत्याचार पर उतारू है। खुलेआम गुंडागर्दी और हत्याएं की जा रही हैं। राजनैतिक विद्वेष के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन पूरी पार्टी उन कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। श्री पटेल ने कहा कि हिंसा की राजनीति करने वाली ममता बनर्जी को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

 

हिंसा करने वाले सिर्फ गोली की भाषा समझते हैं : नरोत्तम मिश्रा

  धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश शासन के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पं. बंगाल में जिस तरह से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा हो रही है, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, समूची भाजपा उन कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के वर्तमान हालातों को देखते हुए प्रधानमंत्री जी से मांग करता हूँ कि बंगाल को सेना के हवाले किया कर दिया जाए। क्योंकि, ये वो लोग हैं जो केवल गोली की भाषा ही समझते हैं।

ममता बनर्जी के इशारे पर हो रही हिंसाः कमल पटेल

   प्रदेश शासन के मंत्री कमल पटेल ने कहा कि पं. बंगाल में ममता बनर्जी के इशारे पर तृणमूल कांग्रेस के लोग भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या करवाने, कार्यालय में आग लगाने और लोकतंत्र की हत्या करने का काम कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इसका विरोध करती है।

 

कार्यक्रम का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया एवं आभार जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री रघुनंदन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री आलोक शर्मा, श्रीमती सीमा सिंह, प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता श्री आलोक संजर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष श्री भगतसिंह कुशवाह, श्री शैलेन्द्र शर्मा, श्री नरेन्द्र पटेल, श्री विजय अटवाल, डॉ. प्रदीप त्रिपाठी सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे। धरने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया।

                भोपाल के टेगौर मंडल में श्री उमाशंकर गुप्ता, राजाभोज मंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री आलोक शर्मा, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी मंडल में विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, मिसरोद मंडल में विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, अरेरा मंडल में श्री धु्रवनारायण सिंह, जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी प्रदेश कार्यालय एवं शाहपुरा मंडल में श्री विकास विरानी सहित जिले के प्रत्येक मंडल में धरना आयोजित किया गया।