Home Bhopal निर्णायक फैसले लेने वाली मोदी सरकार के 7 साल पूरे होने पर...

निर्णायक फैसले लेने वाली मोदी सरकार के 7 साल पूरे होने पर सेवा कार्यों में जुटेगी भाजपा : विष्णुदत्त शर्मा

22
0

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के हित में निर्णायक और बड़े ऐतिहासिक फैसले लेने वाली केंद्र सरकार के सफलतम 7 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों के बीच पहुंचेगी। पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विधायक व सांसद 15 हजार से अधिक ग्राम केंद्रों और वार्डो में विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से पहुंचेंगे। पार्टी के सभी मोर्चे वृहद रक्तदान अभियान चलाएंगे। यह पूरा अभियान सेवा ही संगठन अभियान का हिस्सा होगा। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कही। प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत एवं सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, संभागीय संगठन मंत्रियों व जिलाध्यक्षों के साथ संवाद करते हुए मोदी सरकार के 7 वर्ष पूरे होने पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।

मोदी सरकार ने 70 वर्षों के कलंक धोया : प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा

 

 

       प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आगामी 30 मई को मोदी सरकार सफलतम 7 वर्ष पूरे कर रही है। इन 7 वर्षों में श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए जो 70 वर्षों से कलंक के रूप में हमारे माथे पर लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि इस कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं पार्टी अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी के मार्गदर्शन में भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच जा कर सेवा कार्य कर रहे है। जिस समय देश व प्रदेश के सभी विपक्षी दल जनता में भ्रम फैला रहे है उस समय भाजपा के कार्यकर्ता जमीन पर कार्य कर रहे है। सरकार के 7 साल पूरे होने पर इन्ही सेवा कार्यों को विशाल स्तर पर करने की योजना बनाई गई है। देश भर के 1 लाख गांवों में वृहद स्तर पर सेवा ही संगठन के अंतर्गत सेवा कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मध्यप्रदेश में 15 हजार से अधिक ग्राम एवं नगर केंद्रों में होने वाले सेवा कार्यो में कोविड-19 गाइडलाइंस का विशेष ध्यान रखे। पार्टी के सांसद और विधायक कम से कम 2 गांवों के सेवा कार्यो में जुटे।

 

       श्री शर्मा ने कहा कि सेवा ही संगठन अभियान से हम एक बार पुनः पूरे देश ही नहीं अपितु पूरे विश्व को यह सन्देश देंगे कि इतनी विषम परिस्थितियों में भी यदि कोई राजनीतिक पार्टी जनता के साथ खड़ी है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। सेवा ही संगठन अभियान के तहत सामाजिक जागरूकता, मास्क, सैनीटाईजर, राशन किट, मेडिसिन किट इत्यादि वितरित करना है साथ ही साथ वैक्सीन लगवाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी से सभी मोर्चे बृहद रक्त दान अभियान चलाएंगे जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रक्तदान करें। उन्होंने अभियान के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा कोविड में अनाथ हुए बच्चों की फ़िक्र करने वाली योजना के अधिक प्रचार प्रसार करने की बात कही।

15 हजार ग्राम और नगर केंद्रों तक हो सेवा कार्य : सुहास भगत

  पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 7 साल पूरे होने पर सेवा ही संगठन के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रम की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि सेवा गतिविधियों को करते समय हमें कोरोना की सभी गाइडलाइन का सही ढंग से पालन करना है। अभी हम जिन सेवा कार्यों में जुटे है वे कार्य और भी प्रभावी तरीके से नगर एवं ग्राम केंद्रों तक हो इसकी चिंता जिलों के प्रभारी होने के नाते पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी करेंगे। उन्होंने जिलाध्यक्षों से ग्राम केंद्र और नगर केंद्रों तक होने वाले कार्यक्रमो के प्रभारी तय कर तैयारियों में जुट जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मंडी, सब्जी मंडी और बड़े स्थानों, पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को मास्क-सेनेटाइजर के उपयोग ओर दो गज की दूरी का पालन करने का आग्रह करें।

 

       बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, समस्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, संभागीय संगठन मंत्री एवं समस्त जिलाध्यक्ष वर्चुअल जुड़े।