पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा-केंद्र की योजनाओं का लाभ नहीं मिलने दे रही सरकार
भोपाल। किस्मत के सहारे सत्ता में आई प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रदेश के विकास में रोड़े अटका रही है। सरकार से लोगों को उम्मीद थी कि वह भाजपा की सरकार द्वारा पिछले 15 सालों में किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी, लेकिन यह सरकार तो प्रदेश के लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ भी नहीं मिलने दे रही है। यह बात रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जी.वी.एल.नरसिम्हा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
कांग्रेस ने थामी विकास की रफ्तार
नरसिम्हा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश ने पिछले15 सालों में तेजी से विकास किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने अपने दो महीने कार्यकाल में ही उसकी रफ्तार धीमी कर दी है। उन्होंन कहा कि दो महीने पहले तक मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री आवास योजना के काम में देश में अव्वल था। लेकिन प्रदेश सरकार इस योजना के तहत दी जाने वाली अपने हिस्से की राशि नहीं दे रही है। इसके चलते इस योजना का काम बंद पड़ा हुआ है। यही हाल केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं और भारतीय जनता पार्टी की पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई जनहितैषी योजनाओं का है।
गुंडागर्दी, अपराध बढ़े
नरसिम्हा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार विकास विरोधी होने के साथ-साथ जनविरोधी भी है। पिछले 2 महीनों में प्रदेश में गुंडागर्दी और अपराध बढ़े हैं। प्रदेश अपराधियों का अड्डा बनता जा रहा है। दिन-दहाड़े बच्चों के अपहरण हो रहे हैं, रोजाना हत्याएं हो रही हैं, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सत्ता संभालते ही नक्सलवादी और सिमी जैसे संगठन फिर सिर उठाने लगे हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस का हाथ अपराधियों के साथ है। श्री नरसिम्हा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश को बरबाद कर रही है और इतने कम समय में प्रदेश का इतना नुकसान कांग्रेस ही कर सकती है।
जीवन से खिलवाड़ कर रही कांग्रेस सरकार
नरसिम्हा ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र की आयुष्मान भारत योजना को ठीक तरीके से लागू नहीं कर रही है। इसके चलते लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती शिवराज सरकार के समय लोगों को बीमारी के समय मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से सहायता दी जाती थी,लेकिन अब कांग्रेस सरकार ने उसे भी रोक दिया है। श्री नरसिम्हा ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं लोगों का जीवन बचाने के लिए हैं, लेकिन कांग्रेस की सरकार इस पर भी राजनीति कर रही है। कांग्रेस सरकार को डर है कि इस योजना का लाभ लेकर प्रदेश के लोग कहीं केंद्र की भाजपा सरकार से प्रभावित न हो जाएं। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए कांग्रेस सरकार को लोगों के जीवन से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।
किसानों का गला दबा रहे खुद को किसान हितैषी कहने वाले
नरसिम्हा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों को भ्रमित करके, खुद को किसान हितैषी बताकर सत्ता में आई, लेकिन अब किसानों का गला दबा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्जमाफी के काम में बहाने ढूंढ रही है, जिसके चलते किसानों को नया कर्ज नहीं मिल पा रहा है। यदि सरकार की यह प्रक्रिया ऐसे ही चली, तो किसानों को खरीफ फसल के लिए भी कर्ज मिलना मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्जमाफी को लंबा खींचकर प्रदेश सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। सिर्फ कर्जमाफी ही नहीं, बल्कि सरकार किसानों को भावांतर योजना की वह राशि भी नहीं दे रही है, जो भाजपा सरकार ने सोयाबीन, मक्का, उड़द के लिए घोषित की थी। श्री नरसिम्हा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने यदि जनहितैषी योजनाओं में इसी तरह रोड़े अटकाए, तो प्रदेश की जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी।